8 विधानसभा क्षेत्रों में जीत के अंतर से ज्यादा वोट कटे, सिर्फ राज्यमंत्री की सीट से 111457

वाराणसी जिले की राजनीति अब पुराने नतीजों के भरोसे नहीं चल सकती है। एसआईआर के बाद जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों में जितने वोट कटे हैं, वहां 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत-हार का अंतर कम था। जीत के अंतर से ज्यादा वोट कट गए हैं। यानी जिन सीटों पर जीत सुनिश्चित मानी जाती थी, वहां के राजनीतिक समीकरण बदल जाएंगे। जीत का समीकरण नए सिरे से बैठाना पड़ेगा। शहर उत्तरी से सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के वोट बैंक में यह कटौती सीधे सत्ता या फिर विपक्ष के लिए खतरे की घंटी है। साफ है कि 2027 की राह अब सीधे नहीं बल्कि नए सिरे से गुणा-भाग, जोड़-घटाव और सामाजिक समीकरणों से होकर गुजरेगी। जो दल इस बदले हुए मतदाता नक्शे को नहीं पढ़ पाएगा, वह सिर्फ इतिहास देखता रह जाएगा। अब सभी दलों को नए सिरे से चुनावी बिसात बिछानी होगी।

इन आंकड़ों से समझे 2022 के विधानसभा चुनाव में किस दल को कितने वोट मिले थे। जीत का अंतर क्या था और एसआईआर के कितने वोट मतदाता सूची से कटे हैं।

विधानसभा क्षेत्र – शहर उत्तरी

  1. विजयी प्रत्याशी – रविंद्र जायसवाल, भाजपा (134471)
  2. उपविजेता – अशफाक अहमद, सपा (93695)
  3. जीत का अंतर – 40776
  4. एसआईआर के बाद हटाए गए मतदाता – 111457


विधानसभा क्षेत्र – शहर दक्षिणी

  1. विजयी प्रत्याशी – डॉ. नीलकंठ तिवारी, भाजपा (99622)
  2. उपविजेता – कामेश्वर दीक्षित उर्फ किशन, सपा (88900)
  3. जीत का अंतर – 10722
  4. एसआईआर से हटे मतदाता – 76722


विधानसभा क्षेत्र – शहर कैंट

  1. विजयी प्रत्याशी – सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा (147833)
  2. उपविजेता – पूजा यादव, सपा (60989)
  3. जीत का अंतर – 86844
  4. एसआईआर के बाद हटाए गए मतदाता – 112384

विधानसभा क्षेत्र – पिंडरा

  1. विजयी प्रत्याशी – डॉ. अवधेश सिंह, भाजपा (84325)
  2. उपविजेता – बाबूलाल, बसपा (48766)
  3. जीत का अंतर – 35559
  4. एसआईआर के बाद हटे मतदाता – 52426

विधानसभा क्षेत्र – रोहनिया

  1. विजयी प्रत्याशी – डॉ. सुनील पटेल, अपना दल (एस) (118663)
  2. उपविजेता – अभय पटेल, अपना दल (क) (72191)
  3. जीत का अंतर – 46472
  4. एसआईआर में हटाए गए मतदाता – 77262

विधानसभा क्षेत्र – अजगरा

  1. विजयी प्रत्याशी – त्रिभुवन राम, भाजपा (100821)
  2. उपविजेता – सुनील सोनकर, सुभासपा (91768)
  3. जीत का अंतर – 9053
  4. एसआईआर में हटाए गए मतदाता – 35961

विधानसभा क्षेत्र – शिवपुर

  1. विजयी प्रत्याशी – अनिल राजभर, भाजपा (115231)
  2. उपविजेता – अरविंद राजभर, सुभासपा (87544)
  3. जीत का अंतर – 27687
  4. एसआईआर के बाद हटे मतदाता – 51963

विधानसभा क्षेत्र – सेवापुरी

  1. विजयी प्रत्याशी – नील रतन पटेल, भाजपा (105163)
  2. उपविजेता – सुरेंद्र सिंह पटेल, सुभासपा (82632)
  3. जीत का अंतर – 22531
  4. एसआईआर में हटाए गए मतदाता – 55028

एसआईआर: जिले में 25 लाख से ज्यादा मतदाता

जिले में एसआईआर से पहले 31 लाख 53 हजार 705 मतदाता थे। अब 25 लाख आठ हजार 502 मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 62 हजार 80 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है। इन मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा। जवाब देने और चुनाव आयोग की संतुष्टि के बाद ही मतदाता सूची में नाम जुड़ सकेगा। अगर जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो इन सबके नाम भी मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे।

ये भी जानें

  1. 76 हजार 197 मृतक मतदाता मिले।
  2. 1 लाख 86 हजार अनुपस्थित मिले।
  3. 2 लाख 52 हजार 312 मतदाताओं का स्थान बदला।
विधानसभा          पहले                                         अब 
शहर उत्तरी                        448685                                    111457
शहर दक्षिणी            320713                                    76722
शहर कैंट                        471672                                    112384
पिंडरा                        375261                                    52426
रोहनिया                        422551                                    77262
अजगरा                        367532                                    35961
शिवपुर                        393968                                    51963
सेवापुरी                        353323                                    55028

जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया मतदाता रजिस्ट्रेशन कार्यक्रम का शुभारंभ

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अन्तर्गत जनपद के सभी बूथों पर मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने आर्य महिला इंटर कॉलेज में दीप प्रज्ज्वलित कर मतदाता रजिस्ट्रेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट देने का अधिकार महत्वपूर्ण है। उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के कार्यों में लगे सभी कार्मिकों को नो मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस जारी करने, दावे और आपत्तियों व नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने संबंधी कार्यों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा तहसील सदर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को विधानसभावार मतदाता सूची का वितरण किया गया।उन्होंने राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों को इसके बाद की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी और सभी से सहयोग करने का अनुरोध किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार नो मैपिंग वाले मतदाताओं को ईआरओ/एईआरओ द्वारा नोटिस जारी कर छह जनवरी से 27 फरवरी के मध्य सुनवाई की जाएगी। इस काम के लिए 210 एईआरओ की तैनाती भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियत की गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि मतदाता अब दावा, आपत्ति कर सकते हैं।